रायपुर,13 जून 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में देश के केवल सात राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकार थी, जबकि आज 22 राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार है। यह जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के नाम पर हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों लोगों को पक्का घर मिला है, जबकि छत्तीसगढ़ में 10.60 लाख परिवारों को इसका लाभ मिला है। इसके अलावा उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाया। देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है। वहीं जनजातीय समाज के उत्थान के लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी पहलें शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा, ग्रामीण सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं। पिछले 12 वर्षों में देशभर में सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है और भारत की वैश्विक पहचान को नई ऊंचाई दी है।


