रायपुर,16 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सोमवार, 16 नवंबर को जशपुर और बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे में छठ महापर्व, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, जनजातीय गौरव दिवस समारोह और विकास कार्यों के लोकार्पण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल हैं।
जशपुर के कुनकुरी में छठ महापर्व में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 5 बजे जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित ग्राम बगिया से कार द्वारा रवाना होंगे। सुबह 5:20 बजे वे कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचेंगे। यहां सुबह 5:20 से 10:30 बजे तक आयोजित छठ महापर्व में शामिल होंगे। इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री कुनकुरी से रवाना होकर हेलीकॉप्टर से बिलासपुर जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।
गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
मुख्यमंत्री सुबह 11:55 बजे बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां सुबह 11:55 बजे से दोपहर 1:25 बजे तक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। मुख्यमंत्री इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सेंदरी में धान उपार्जन केंद्र का करेंगे निरीक्षण
इसके बाद दोपहर 1:40 बजे मुख्यमंत्री बिलासपुर जिले के सेंदरी पहुंचेंगे। यहां दोपहर 1:40 से 2 बजे तक धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण करेंगे। साथ ही निर्माणाधीन सीबीसी प्लांट का अवलोकन भी करेंगे। इसके बाद वे सेंदरी से रवाना होकर बिलासपुर पहुंचेंगे।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे बिलासपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री सेजेस स्कूल पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2:20 से 3:20 बजे तक आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महान विभूतियों के योगदान को याद किया जाएगा।
बिलासपुर को मल्टीलेवल पार्किंग और डेटा सेंटर की सौगात
मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड में निर्धारित है। वे दोपहर 3:30 बजे यहां पहुंचेंगे। दोपहर 3:30 से 3:50 बजे तक मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण और डेटा सेंटर का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों से शहर की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 3:50 बजे पुराना बस स्टैंड से रवाना होंगे। शाम 4:15 बजे पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, कोनी स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4:45 बजे रायपुर के पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचकर शाम 4:50 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, जनजातीय गौरव, कृषि व्यवस्था के निरीक्षण और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।



