रायपुर,15 नवम्बर 2026
राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नई मिसाल पेश की। करीब 2500 लोगों की भागीदारी, बीसियों फूड स्टॉल और खानपान की व्यापक व्यवस्थाओं के बावजूद पूरे आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया। भोजन परोसने के लिए बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच अपनाए गए, जबकि पेयजल के लिए भी प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था की गई।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर के लगभग 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया।
महोत्सव का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता को सम्मानित करने के साथ उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और शहरी अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करना था। इसके साथ ही आयोजन को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की गईं।
खानपान से लेकर पेयजल तक प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था
महोत्सव में खानपान की व्यवस्था को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। बीसियों फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों की जगह बांस से बनी प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों के स्थान पर लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया।
कार्यक्रम में प्लास्टिक के कप और गिलासों का भी इस्तेमाल नहीं किया गया। पेयजल के लिए प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई गई। करीब 2500 लोगों के भोजन के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था की गई। भोजन बांस की थालियों में और पानी कागज के गिलासों में परोसा गया। जरूरत के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई।
सजावट में भी अपनाया पर्यावरण अनुकूल तरीका
आयोजन को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए केवल खानपान ही नहीं, बल्कि सजावट और सूचना पट्टों में भी विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम स्थल पर ऐसी सामग्री का उपयोग किया गया, जिसका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। इससे अनावश्यक कचरे को कम करने में मदद मिली।
गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण
महोत्सव के दौरान कचरा प्रबंधन की भी विशेष व्यवस्था की गई। गीले, सूखे और अन्य अस्वीकृत अपशिष्ट को उत्पन्न होने वाले स्थान पर ही अलग-अलग संग्रहित किया गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था की गई।
इसके साथ ही अपशिष्ट की मात्रा कम रखने, सामग्री के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को प्राथमिकता दी गई। इस तरह हजारों लोगों की मौजूदगी वाले आयोजन में भी प्लास्टिक के उपयोग से बचते हुए कचरे का व्यवस्थित प्रबंधन किया गया।
बड़े आयोजनों के लिए पेश की नई मिसाल
पीएम स्वनिधि महोत्सव में अपनाई गई व्यवस्थाओं ने यह उदाहरण प्रस्तुत किया कि बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम भी जीरो वेस्ट और प्लास्टिक मुक्त मॉडल पर आयोजित किए जा सकते हैं। पथ विक्रेताओं के आर्थिक एवं डिजिटल सशक्तीकरण के उद्देश्य के साथ पर्यावरण संरक्षण की पहल ने इस आयोजन को विशेष पहचान दी।
रायपुर में आयोजित यह महोत्सव भविष्य में बड़े सार्वजनिक आयोजनों को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एक व्यावहारिक उदाहरण के रूप में सामने आया।



