जशपुर,15 नवम्बर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार का उद्देश्य बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा। कॉलेज में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यहां कुल 120 छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं वंचित वर्गों से हैं।

संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के अलावा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व पर बेटियों को सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण पर्वों के कारण विशेष है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से इस दिन को विशेष महत्व दिया है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह पर्व आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना गर्व और सौभाग्य की बात है।

उन्होंने संस्थान की स्थापना में योगदान देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन और सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। साथ ही प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा।

स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सिंग सेवाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश की आधारशिला होते हैं। राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि पिछले 25 वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी दक्षता के साथ मरीजों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सेवाभाव भी विकसित करें। अस्पतालों में नर्सिंग कर्मियों का समर्पण और मरीजों की देखभाल उनके स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, विशाल वन क्षेत्र, बहुमूल्य वनोपज और उपजाऊ भूमि से समृद्ध है। प्रदेश की इन संभावनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती से प्रभावित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने से दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेश में लगभग 3100 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान का उपार्जन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक परिवार को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने नर्सिंग कौशल कॉलेज के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

जनजातीय एवं वंचित वर्गों के सशक्तीकरण की दिशा में पहल

उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य जनजातीय समूहों सहित अन्य वंचित वर्गों के गरीब युवाओं, महिलाओं एवं तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास और संस्थागत सशक्तीकरण करना है।

आरा में स्थापित नर्सिंग कौशल कॉलेज इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यहां छात्राओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और प्रदेश में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षणरत छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts