रायपुर, 12 नवंबर 2026

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव रायपुर लौटे। इस दौरान विमानतल पर उनका और पुरस्कार प्राप्त करने वाले तीनों नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में स्वच्छता दीदियां, अधिकारी और कर्मचारी विमानतल पहुंचे थे। रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे का भी जोरदार स्वागत किया गया। पारंपरिक लोकनृत्य, गाजे-बाजे और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन किया गया।

लगातार दूसरे वर्ष तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीनों नगरीय निकायों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है। लगातार दो वर्षों तक प्रदेश के तीन-तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों का अथक परिश्रम, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। सफाई मित्र प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का अहम योगदान

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि शहरी स्वच्छता को मजबूत बनाने में प्रदेश की 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उनकी सक्रिय भूमिका है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान स्वच्छता दीदियों के योगदान का भी सम्मान है। सरकार का लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के हर नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधापूर्ण बनाना है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धि प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी प्रेरित करेगी।

बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर ने बरकरार रखी राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में भी बिल्हा ने अपनी श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया था। वहीं बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

इस बार बिलासपुर ने देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी उपलब्धि बरकरार रखी है। वहीं स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में राजधानी रायपुर को छत्तीसगढ़ का प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर पुरस्कार मिला था। इस बार रायपुर को राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला है।

तीनों नगरीय निकायों की यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता, जनभागीदारी और सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयासों को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts