जशपुर,10 नवंबर 2026
गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजा की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन की प्रार्थना की। साथ ही प्रदेश के खेत-खलिहानों के धन-धान्य से परिपूर्ण रहने की मंगलकामना की।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गौसेवा का पर्व है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का जो संदेश दिया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की सांस्कृतिक चेतना की भी अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें याद दिलाता है कि मानव जीवन की समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की पौराणिक कथा हमें संकट के समय एकजुटता, परस्पर सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।
किसानों की खुशहाली और प्रदेश की समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे। किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति और खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में भी गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व हमारी समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने के साथ समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।



