रायपुर,9 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास दीपावली के त्योहार के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अपने गृहग्राम में परिवार के साथ दीपावली मनाने जा रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट के पास रविवार देर रात करीब 1 बजे हुई।
दीपावली मनाने गृहग्राम जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ दीपावली मनाने गरियाबंद जिले के अपने गृहग्राम पसौद जा रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात उनकी कार अभनपुर के टीला एनीकट के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
हादसा इतना गंभीर था कि कार सवार चारों लोगों की जान चली गई। मृतकों में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और उनके दोनों बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद नदी से चारों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
घटना के बाद गोबरा नवापारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर नदी में गिरी। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की दीपावली की खुशियां छीन लीं। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।



