रायपुर,5 नवम्बर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर दिया है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। खास बात यह है कि मंडल इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।

1,703 पदों पर होगी भर्ती

जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न विभागों में निम्नलिखित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी—

  • सहायक ग्रेड-3: 1,206 पद
  • सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग): 279 पद
  • शीघ्रलेखक (हिंदी): 30 पद
  • उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा): 34 पद
  • स्टेनो टाइपिस्ट: 23 पद
  • डाटा एंट्री ऑपरेटर: 25 पद
  • शीघ्रलेखक (द्विभाषी): 13 पद
  • पंजीयक लिपिक: 50 पद
  • सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा): 40 पद
  • शीघ्रलेखक (अंग्रेजी): 3 पद

27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

10 जनवरी 2027 को होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा लिखित भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

स्थानीय अभ्यर्थियों को वापस मिलेगा परीक्षा शुल्क

भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को विशेष सुविधा दी गई है। परीक्षा में उपस्थित होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।

यहां करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जारी इस भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts