रायपुर, 5 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के दिवंगत अहिवारा विधायक स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और वंचित वर्गों की सेवा के लिए समर्पित रहा गुरुजी का जीवन हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। यहां उन्होंने स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

समाज सेवा और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा जीवन : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज की सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया था।

उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनके योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

लोग आत्मीयता से गुरुजी कहकर बुलाते थे

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा को लोग बड़े आत्मीय भाव से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। यह संबोधन उनके प्रति समाज के गहरे सम्मान और विश्वास का प्रतीक था। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था।

उनकी जनसेवा के प्रति निष्ठा और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

हैदराबाद में उपचार के दौरान मुख्यमंत्री ने जाना था हालचाल

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के साथ जुड़े आत्मीय प्रसंगों को साझा करते हुए बताया कि जब वे उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि हम सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनका निधन हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।

जनसेवा की विरासत को बनाए रखने कॉलेज का होगा नामकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।

यह निर्णय स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के प्रति राज्य सरकार और क्षेत्र की जनता की ओर से सम्मानपूर्ण श्रद्धांजलि होगी।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत विधायक के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts