रायपुर, 4 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के माध्यम से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं अन्य नागरिकों तक डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास की सुविधा पहुंचाई जाएगी।
एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा इंडस टावर्स के सहयोग से संचालित इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़कर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में डिजिटल साक्षरता केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसरों का आधार बन चुकी है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को डिजिटल दुनिया से जोड़ने के साथ उनके कौशल विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन का अवलोकन कर उसमें उपलब्ध आधुनिक डिजिटल उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वैन में स्थापित डिजिटल उपकरणों का उपयोग करते हुए ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी भाग लिया। इस दौरान उन्होंने एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के संयुक्त प्रयास की सराहना की।
जशपुर के गांवों में एक महीने का मिलेगा निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन जशपुर विकासखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचकर 12 से 60 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों को निःशुल्क डिजिटल शिक्षा एवं कौशल विकास का प्रशिक्षण देगी। इसके तहत एक महीने का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। ग्रामीण नागरिकों को कंप्यूटर एवं डिजिटल उपकरणों के उपयोग, इंटरनेट की बुनियादी जानकारी तथा डिजिटल तकनीक के सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा।
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने, तकनीकी कौशल विकसित करने और डिजिटल विभाजन को कम करने में मदद मिलेगी।
चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी वैन
डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन एक चलते-फिरते डिजिटल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करेगी। इससे ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरस्थ शहरी केंद्रों तक जाने की जरूरत कम होगी। विशेष रूप से ग्रामीण बच्चों, युवाओं और महिलाओं को अपने आसपास ही आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्री सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड श्री पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि श्री रजनीश सहित एनआईआईटी फाउंडेशन की जशपुर टीम के सदस्य भी मौजूद थे।



