रायपुर,30 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ED की टीम ने राजधानी में 3 से 4 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी है। इस कार्रवाई में चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर का घर भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक, सुबह से ही ED के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

अनवर ढेबर के घर भी पहुंची ED की टीम

जानकारी के अनुसार, ED की टीम शुक्रवार सुबह शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के घर पहुंची। अधिकारियों ने यहां जांच कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

बताया जा रहा है कि राजधानी में तीन से चार अलग-अलग स्थानों पर ED की टीमें जांच कर रही हैं। अधिकारी ठिकानों पर पहुंचकर जरूरी दस्तावेज खंगाल रहे हैं। हालांकि, फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की संभावना है।

पहले भी कई ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी

गौरतलब है कि हाल ही में ED ने रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला और दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में भी छापेमारी की थी।

रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर दो गाड़ियों में पहुंचे अधिकारियों ने कई दस्तावेजों की जांच की थी।

वहीं, दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी ED की टीम पहुंची थी। अधिकारियों की करीब 10 सदस्यीय टीम सुबह 6 बजे ऋषभ ग्रीन सिटी के E-701 स्थित उनके घर पहुंची और दस्तावेजों की जांच की थी।

फिलहाल रायपुर में जारी ED की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts