बलौदाबाजार,27 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में ऑपरेशन निश्चय के तहत सिमगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से प्रयागराज ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलो गांजा, 2 कार और 6 मोबाइल फोन सहित करीब 25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
नाकेबंदी देखकर भागने की कोशिश, डिवाइडर से टकराई कार
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस की नाकेबंदी देखकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
पत्रकार सहायक और कथित डॉक्टर की आड़ में तस्करी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रयागराज के रहने वाले हैं। आरोप है कि वे पत्रकार सहायक और कथित डॉक्टर की आड़ में गांजे की तस्करी कर रहे थे। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस पूरे मामले में थाना सिमगा में NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



