रायपुर, 18 अक्टूबर 2026

त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई में लापरवाही का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र की तीन मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित एक ढाबे का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया। वहीं, साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

तीन मिठाई दुकानें और एक ढाबा जांच के दायरे में

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने विभागीय टीम के साथ तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और स्वीट हट एंड बेकरी का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए।

साथ ही, संचालकों को कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए।

मिठाइयों और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए। इनमें खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयां शामिल हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

त्योहारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी

त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने के कारण खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। विभाग का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित रखरखाव करने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया है। त्योहारों के दौरान मिलावट और अस्वच्छता पर नियंत्रण रखने के लिए ऐसी जांच आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts