रायपुर, 10 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है। छत्तीसगढ़ भी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय रायपुर में समाचार चैनल एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प कॉन्क्लेव–जनसेवा का संकल्प, छत्तीसगढ़ का भविष्य’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, देश में हुए बदलाव और छत्तीसगढ़ सरकार की विकास प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार रखे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश की विकास यात्रा को नई दिशा दी है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उनके 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यकाल ने देश में विकास और सुशासन की नई मिसाल कायम की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर से पुराना आत्मीय जुड़ाव रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आर्थिक विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी मजबूती दिखाई है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर ने नए भारत की क्षमता और संकल्प को दुनिया के सामने रखा है।

बस्तर में पहुंच रही विकास की रोशनी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़ और विशेषकर बस्तर के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षाबलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले विकास कार्य पहुंचाना कठिन था, वहां अब सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। बस्तर में शांति के साथ विकास और समृद्धि के नए द्वार खुल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है। कोयला, लौह अयस्क, टिन सहित विभिन्न खनिजों के विशाल भंडार राज्य की आर्थिक क्षमता को मजबूत करते हैं। इन संसाधनों का बेहतर उपयोग कर उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है।

महतारी वंदन से महिलाओं को आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1,000 रुपए की राशि सीधे अंतरित की जा रही है। योजना की 32वीं किस्त एक दिन पहले दुर्ग से जारी की गई है।

उन्होंने बताया कि महिलाएं योजना की राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, घरेलू जरूरतों, बचत और स्वरोजगार के लिए कर रही हैं। कई महिलाओं ने राशि जोड़कर सिलाई मशीन जैसे आजीविका के साधन खरीदे हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का माध्यम बन रही है।

किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और किसान प्रदेश के अन्नदाता हैं। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। सरकार बनने के बाद किसानों को दो वर्षों का लंबित बोनस भी दिया गया है।

प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की नई सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

गरीब परिवारों के पक्के आवास का सपना हो रहा पूरा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार के केंद्र में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग हैं। गरीब परिवारों को पक्का आवास, शौचालय और रसोई गैस जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति देने का निर्णय लिया था। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। सुशासन, पारदर्शिता, जनकल्याण और विकास को साथ लेकर छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राज्य बनाया जाएगा।

प्रतिभाओं और विशिष्टजनों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और विशिष्टजनों को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित प्रतिभाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्य गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन जी महाराज सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्टजन और एशियन न्यूज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts