रायपुर, 9 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती वर्ष 2026 के विज्ञापन में दिव्यांगता की श्रेणी को लेकर स्थिति स्पष्ट की गई है। भर्ती प्रक्रिया के तहत 2,292 पदों का संक्षिप्त विज्ञापन 16 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया और इसी दिन ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित थी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना में विभिन्न विभागों के पदों के लिए दिव्यांगता की चिह्नांकित श्रेणियों का उल्लेख किया गया था। उस अधिसूचना के अनुसार सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी का चिह्नांकन नहीं किया गया था।
इसी आधार पर सहायक शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में दिव्यांगता के लिए आरक्षित पदों का निर्धारण किया गया और पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल नहीं किया गया।
11 सितंबर को जारी हुई संशोधित अधिसूचना
इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की। इसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी को भी शामिल किया गया।
हालांकि संशोधित अधिसूचना जारी होने से पहले सहायक शिक्षक भर्ती का संक्षिप्त और विस्तृत विज्ञापन जारी हो चुका था। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी।
वर्तमान भर्ती में शामिल करना संभव नहीं
संशोधित अधिसूचना जारी होने की स्थिति को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसके आधार पर पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना विधिक एवं व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था।
इस प्रकार सहायक शिक्षक भर्ती 2026 में दिव्यांगता श्रेणी का निर्धारण उस समय प्रभावी 25 फरवरी 2026 की अधिसूचना के आधार पर किया गया था, जबकि पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी को बाद में 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के माध्यम से जोड़ा गया।




