महासमुंद,24 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 132 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल समेत कुल 81.20 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई बसना थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस और ANTF की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजे से भरी इनोवा कार आ रही है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी कर इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोका। तलाशी लेने पर कार से 132 किलो गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा
पुलिस ने मामले में गणेश बाजे (42) पिता रामदास बाजे, निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे और विपुल भालेराव (36) पिता रामचंद्र भालेराव, निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध (कंधमाल) से गांजा लेकर पुणे, महाराष्ट्र जा रहे थे।
81.20 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों के कब्जे से 132 किलो गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 81 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



