रायपुर, 22 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने माताओं-बहनों से मुलाकात कर उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीज पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आत्मीय रिश्तों से जुड़ा है। भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना का यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना का अवसर है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 31 किस्तों के जरिए 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। यह राशि महिलाएं परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, बचत और छोटे-छोटे स्वरोजगार में उपयोग कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यवसायों के माध्यम से परिवार की आय बढ़ा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की पहचान हैं। इन्हें नई पीढ़ी और देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। प्रदेश में लगभग 650 करोड़ रुपए की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार और प्रतिभा प्रदर्शन के नए अवसर मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

समारोह में मुख्यमंत्री ने लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल और खाद्य सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है और प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा विकास में बाधा थे, वहां अब शांति और विश्वास के साथ विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर माताओं-बहनों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि तीज के अवसर पर माताओं-बहनों का अपने निवास पर स्वागत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने राजस्व मंत्री के निवास पर विराजित भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर गौरी शंकर श्रीवास, ध्रुव कुमार मिर्धा, मोना सेन, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, वीणा सिंह सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts