भानुप्रतापपुर,22 सितम्बर 2026

नकली शराब के रैकेट के खुलासे के बाद अब भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली तंबाकू की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक छोटे मालवाहक वाहन से ‘ऊं सुरेश छाप’ ब्रांड का करीब 75 बोरा संदिग्ध नकली तंबाकू जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा क्षेत्र में ‘ऊं सुरेश छाप’ के नाम और मार्का का डुप्लीकेट तंबाकू खपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 18 सितंबर को वाहनों की जांच के दौरान CG 08 BH 6398 नंबर का छोटा मालवाहक संदिग्ध मिला।

दस्तावेज नहीं दिखा पाया चालक

पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ कर उसमें लदे सामान के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन को थाने लाकर सामान की जांच की गई। जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में तंबाकू मिला, जिसके नकली होने की आशंका जताई गई।

पुलिस ने तंबाकू के वास्तविक निर्माता और ब्रांड की जानकारी जुटाने के लिए भिलाई की ओम आशा पुरी ट्रेडर्स के संचालक नदीम शहबाज से भी जानकारी ली। जांच में क्षेत्र में इस मार्का के नकली तंबाकू की सप्लाई किए जाने की बात सामने आई।

नागपुर का सप्लायर, दल्लीराजहरा का डीलर

पुलिस के मुताबिक, जब्त तंबाकू की सप्लाई नागपुर निवासी सचिन ठाकरे द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को इसका डीलर बताया गया है।

दोनों के खिलाफ पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और BNS की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

नकली तंबाकू कहां तैयार होता था, जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली तंबाकू कहां तैयार किया जा रहा था और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई होती थी। पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गौरतलब है कि करीब 13 दिन पहले भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले रैकेट का खुलासा किया था। अब नकली तंबाकू की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में नकली उत्पादों की सप्लाई को लेकर जांच और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts