रायपुर, 19 सितंबर 2026
उप मुख्यमंत्री अरुण साव रायपुर में आयोजित ‘इकॉन-2026’ Event and Entertainment Conclave में शामिल हुए। उन्होंने देशभर से आए Event Managers का स्वागत करते हुए कहा कि इवेंट मैनेजमेंट आज एक बड़े उद्योग के रूप में उभर रहा है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की नई औद्योगिक नीति में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है। छत्तीसगढ़ Marriage Destination के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के प्रयासों से प्रदेश को बड़ा लाभ मिल सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से आए मेहमानों से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग स्थानों की यात्रा करें और यहां की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित हों। छत्तीसगढ़ में बहुत कुछ ऐसा है, जिसे देश-दुनिया तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
श्री साव ने कहा कि इस कॉन्क्लेव में सभी प्रतिभागी एक-दूसरे के अनुभव साझा करें और नए अवसरों पर मिलकर काम करें। इवेंट मैनेजमेंट के क्षेत्र में नवाचार से प्रदेश में पर्यटन एवं आर्थिक विकास को गति मिल सकती है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।



