रायपुर, 15 सितंबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने प्रदेश के नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित वर्चुअल बैठक में उन्होंने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने पर उप मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति आभार, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए अभियान की गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास और जनकल्याण के लिए पिछले 25 वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है और सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
गतिविधियों के दस्तावेजीकरण पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आयोजन की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए तथा उनकी रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाए, ताकि अभियान की गतिविधियों और उनके प्रभाव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों और लाभार्थियों की प्रेरणादायी कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाए।
बैठक में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा की कहानी’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा—मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ सहित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।
‘सेवा सेतु अभियान’ से योजनाओं से जोड़ने पर फोकस
श्री साव ने विशेष रूप से ‘सेवा की कहानी’ के तहत वास्तविक लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाकर अन्य लोगों को भी प्रेरित किया जाना चाहिए।
वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं एक स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी काम करने को कहा गया।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ को जन आंदोलन बनाने के निर्देश
बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ से जुड़ी गतिविधियों को भी जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर जोर दिया गया। श्री साव ने कहा कि स्वच्छता को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को सक्रिय रूप से अभियान से जोड़ें।
उन्होंने ऐसे स्थानों और क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जहां स्वच्छता के क्षेत्र में प्रभावी परिणाम दिखाई दे सकें। साथ ही अभियान से पहले और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने को कहा, ताकि स्वच्छता प्रयासों से हुए वास्तविक बदलाव को सामने लाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने अभियान की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और बेहतर विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा की भावना, जनभागीदारी और विकास के संकल्प को जमीनी बदलाव से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बने।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल, संचालक श्री नीलेशकुमार क्षीरसागर और अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



