रायपुर, 15 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा संभाग की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संभाग के सभी छह जिलों सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 44 मुख्य सड़क कार्यों हेतु कुल ₹1,093.73 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं के तहत नई सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण, डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण और फोरलेन निर्माण के साथ आवश्यक स्थानों पर पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा।
सरगुजा जिले में फोरलेन और सड़क सुदृढ़ीकरण
अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र में लरंगसाय चौक से रामानुजगंज मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण के लिए ₹69.10 करोड़ तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5 किलोमीटर फोरलेन के लिए ₹61.34 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा लुण्ड्रा और सीतापुर क्षेत्रों में असकला-दोरना मार्ग, सोनतराई-मैनपाट मार्ग सहित विभिन्न मार्गों और पुलियों के सुदृढ़ीकरण के कार्य होंगे। सोनतराई-मैनपाट मार्ग के लिए ₹26.33 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
सूरजपुर में 63 किलोमीटर मार्ग समेत कई सड़कें होंगी मजबूत
भटगांव विधानसभा क्षेत्र के तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर 63 किलोमीटर मार्ग के लिए ₹64.93 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं कल्याणपुर-लटोरी मार्ग के लिए ₹40.93 करोड़, विशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग के लिए ₹32.24 करोड़ और सूरजपुर के 17 किलोमीटर रिंग रोड के मजबूतीकरण के लिए ₹16.39 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
बलरामपुर-रामानुजगंज में सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंचेगी बेहतर सड़क
जिले में परसवार से चलगली 18 किलोमीटर उन्नयन मार्ग के लिए ₹38.80 करोड़, वाड्रफनगर-जनकपुर-बलंगी मार्ग के लिए ₹35.32 करोड़ तथा कामेश्वरनगर-लुरगी मार्ग के लिए ₹25.69 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इन कार्यों से दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों तक आवागमन आसान होगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जशपुर में राज्य मार्गों का होगा सुदृढ़ीकरण
जशपुर जिले में लुड़ेग-बागबहार-तपकरा-लवाकेरा 55.80 किलोमीटर राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹40.32 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके साथ ही पत्थलगांव के पहाड़ी हिस्सों के उन्नयन के लिए ₹36.85 करोड़ तथा बतौली-बगीचा-चरईडांड मार्ग के लिए ₹34.44 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
कृषि और व्यापार को मिलेगी रफ्तार
इन सड़क परियोजनाओं से केवल आवागमन ही सुगम नहीं होगा, बल्कि इसके दूरगामी आर्थिक और सामाजिक लाभ भी सामने आएंगे। बेहतर सड़क नेटवर्क से कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बेहतर कनेक्टिविटी से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों और मरीजों के लिए स्कूल, कॉलेज और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा। वहीं गांवों तक सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच भी तेज होगी।
₹1,093.73 करोड़ की लागत वाली ये 44 सड़क परियोजनाएं सरगुजा संभाग के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इनसे कनेक्टिविटी, निवेश, आर्थिक गतिविधियों और नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।



