रायपुर, 15 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह एक महीने का राष्ट्रव्यापी अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ जनसेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करना है।

अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल साक्षरता सहित कुल 25 सेवा गतिविधियों से नागरिकों को जोड़ा जाएगा। नागरिकों से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की गई है। श्रमदान की फोटो या वीडियो माई भारत पोर्टल पर अपलोड करने पर डिजिटल प्रमाण-पत्र भी मिलेगा।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर 2026 को विशेष कार्यक्रमों के साथ होगी। ‘आशीर्वाद का दीया’ और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत स्थानीय कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक और नृत्य नाटिका के माध्यम से प्रधानमंत्री के पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रदेशभर में होंगे सेवा कार्यक्रम

अभियान के दौरान स्कूल और कॉलेजों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्रदर्शनियां, सेमिनार और सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने में मदद की जाएगी।

‘आंगन का उत्सव’ में पोषण और महिला-बाल कल्याण पर जोर

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ बताएगी सफलता की वास्तविक कहानियां

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा। इनके माध्यम से बताया जाएगा कि सरकारी योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन में किस तरह सकारात्मक बदलाव लाया है।

विकसित भारत 2047 पर रहेगा जोर

स्कूलों में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही पंचायत, सामुदायिक केंद्र, स्कूल-कॉलेज और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नमो सेवा से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

50 बदलाव वाले स्थानों का होगा दौरा

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत करीब 50 ऐसे स्थानों का चयन किया जाएगा, जिन्हें मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए बदलाव के उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें गुजरात की GIFT City और बस्तर जैसे स्थान शामिल हैं। सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी इन स्थानों का दौरा कराने की योजना है।

17 अक्टूबर को होगा बड़ा समापन

17 अक्टूबर 2026 को अभियान का समापन बड़े कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक के करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। इस दौरान सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ की सभी छह कड़ियां गाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts