बिलासपुर, 15 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश पंडाल में DJ बजाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में सोमवार शाम एक युवक ने दूसरे युवक के सीने पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) के बीच DJ/साउंड सिस्टम बजाने को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

इसी दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल आकाश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इलाज के दौरान मौत

ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले गई। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है।

हत्या के बाद भी पंडाल के पास घूमता रहा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी अमन सूर्यवंशी चाकू लेकर कुछ देर तक पंडाल के आसपास ही घूमता रहा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं।

नशे का आदी है आरोपी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है। उसके परिजन उसे पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। बताया गया है कि वह करीब दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है, लेकिन उसकी नशे की लत पूरी तरह नहीं छूटी।

पुलिस कर रही जांच

CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और विवाद की पूरी वजह के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

मृतक: आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी
आरोपी: अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में गणेश पंडाल के पास DJ/साउंड सिस्टम बजाने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts