रायपुर,13 सितम्बर 2026
राजधानी रायपुर से लगे सिमगा तहसील के हथबंद गांव में एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर का जर्जर लोहे का गेट अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
रिश्तेदारों के यहां आया था बच्चा
मृतक की पहचान शिवम यादव, पिता नन्हीं यादव, निवासी रतनपुर, बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि शिवम अपने रिश्तेदारों के यहां हथबंद गांव आया हुआ था। शनिवार को वह स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुख्य गेट के सामने खेल रहा था। इसी दौरान कमजोर पिलर से लगा भारी लोहे का गेट टूटकर उसके ऊपर गिर गया।
गेट के नीचे दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
लंबे समय से जर्जर था गेट
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल का मुख्य गेट और उसका पिलर लंबे समय से खराब और जर्जर हालत में था। ग्रामीणों ने कई बार इसकी मरम्मत कराने की मांग की थी, लेकिन समय रहते जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि गेट की समय पर मरम्मत करा दी जाती तो संभवतः यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और भवनों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद जर्जर निर्माणों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



