ग्वालियर/डबरा, 12 सितंबर 2026
मध्य प्रदेश के डबरा में शनिवार सुबह 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। टेकनपुर स्थित ग्लोरीयस कॉन्वेंट स्कूल की बस को कार सवार दो युवकों ने निशाना बनाते हुए चार राउंड गोलियां चला दीं। इस घटना में बस चालक खेम सिंह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया है।
कार हटाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। बस चालक ने हॉर्न बजाकर कार हटाने के लिए कहा। इस पर कार सवार युवकों ने बताया कि कार में पेट्रोल खत्म हो गया है।
बस चालक ने जब कार को धक्का देकर सड़क से हटाने की बात कही तो दोनों युवकों के साथ उसका विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया।
कट्टा निकालकर बस पर चलाईं चार गोलियां
विवाद के दौरान एक आरोपी ने अवैध कट्टा निकालकर स्कूल बस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से बस चालक घायल हो गया। वहीं, बस के शीशे पर भी गोलियों के निशान मिले हैं।
घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान किसी बच्चे को गोली नहीं लगी। यदि गोली बच्चों को लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किया
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसडीओपी सौरभ कुमार और पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कूल बस को थाने में सुरक्षित खड़ा कराया और बस में सवार सभी बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।



