धमतरी,10 सितंबर 2026
धमतरी जिले के नगरी वनांचल में एक धर्मांतरित महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। ग्राम पंचायत नवागांव में महिला महेश्वरी साहू की मौत के बाद परिवार द्वारा शव को गांव में दफनाने की बात सामने आने पर ग्रामीणों ने इसका विरोध किया।
बताया जा रहा है कि साहू परिवार द्वारा ईसाई धर्म अपनाए जाने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों ने गांव में शव दफनाने पर आपत्ति जताई। इसे लेकर परिजन और ग्रामीण आमने-सामने आ गए और कई घंटों तक विवाद की स्थिति बनी रही।
हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार पर सहमति
विवाद बढ़ने के बाद ग्रामीणों और परिवार के बीच बातचीत हुई। ग्रामीणों की मांग के बाद परिवार ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई। इसके बाद ग्रामीणों ने भी सशर्त दाह संस्कार की अनुमति दे दी।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में संभली स्थिति
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। गांव में तनाव के बीच बातचीत के जरिए विवाद को शांत कराया गया।
फिलहाल सहमति बनने के बाद अंतिम संस्कार को लेकर बना विवाद शांत होता नजर आ रहा है। हालांकि, इस घटना ने क्षेत्र में धर्मांतरण और अंतिम संस्कार की परंपराओं को लेकर चर्चा जरूर तेज कर दी है।



