नई दिल्ली,9 सितम्बर 2026
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 15 दिनों में आठ बड़े ऑपरेशन चलाकर DRI ने करीब 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त किया है। इन कार्रवाइयों में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, जब्त किए गए मादक पदार्थों में 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हाइड्रोपोनिक कैनबिस और 5 किलोग्राम चरस शामिल है।
रायपुर के पास 375.95 किलो गांजा बरामद
DRI को मिली खुफिया सूचना के आधार पर अधिकारियों ने विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रायपुर के पास ओल्ड धमतरी रोड पर रोका। तलाशी के दौरान ट्रकों के लोडिंग क्षेत्र में रखी 10 बोरियों के अंदर छिपाए गए 61 पैकेट मिले।
जांच में इन पैकेटों में कुल 375.95 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। अधिकारियों ने गांजा और दोनों ट्रकों को NDPS Act, 1985 के तहत जब्त कर लिया। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पटना के पास ट्रक से 140.5 किलो गांजा जब्त
5 और 6 सितंबर को विशेष सूचना के आधार पर DRI ने औरंगाबाद-पटना राजमार्ग पर एक ट्रक को रोका। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया। वहीं, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
तलाशी में ट्रक से 90 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 140.5 किलोग्राम गांजा मिला। गांजा और वाहन को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।
रायपुर में पहले भी 124 किलो गांजा पकड़ा
इससे पहले 26 अगस्त 2026 को DRI अधिकारियों ने रायपुर के पास एक ट्रक से छिपाकर ले जाया जा रहा करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 5 किलो चरस बरामद
3 सितंबर 2026 को DRI ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों को रोका। व्यक्तिगत तलाशी के दौरान करीब 5 किलोग्राम चरस (हशीश) बरामद हुई।
जांच के दौरान सामने आया कि दो यात्रियों ने चरस को घुटने के सपोर्ट जैसी बनावट में अपनी जांघों के आसपास छिपाया था। प्रारंभिक जांच में चरस के नेपाल से भारत लाए जाने के संकेत मिले हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चरस को NDPS Act के तहत जब्त कर लिया गया।
हवाई अड्डों पर भी DRI की कार्रवाई
पिछले 15 दिनों के दौरान DRI ने हनोई (वियतनाम) और बैंकॉक (थाईलैंड) से आने वाले तीन यात्रियों को हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पकड़ा। इनके पास से कुल करीब 24.6 किलोग्राम उच्च क्षमता वाली कैनबिस बरामद की गई।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, ये कार्रवाई देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। DRI लगातार अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क पर नजर रख रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



