रायपुर,9 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने आरक्षण व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। देश में आरक्षण के मुद्दे पर जारी बहस के बीच उन्होंने कहा कि अगर देश से जातिवाद खत्म हो जाता है, तो वह आरक्षण छोड़ने के लिए तैयार हैं।

रामदास आठवले ने आरक्षण का विरोध करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि भारत में जाति के आधार पर आरक्षण का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 17 के जरिए अस्पृश्यता को समाप्त किया गया है, लेकिन आज भी दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाएं सामने आती हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब तक जातिवाद खत्म नहीं होता, तब तक आरक्षण लागू रहेगा। उन्होंने आरक्षण का विरोध नहीं करने की अपील भी की।

कांग्रेस पर साधा निशाना

रामदास आठवले ने दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब केवल टिप्पणी करने तक सीमित है और देश का विकास नहीं कर सकता। आठवले ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास तेजी से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दलितों की सेवा करने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत है।

रायपुर और बिलासपुर में कार्यक्रम

केंद्रीय मंत्री ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि उनके रायपुर और बिलासपुर में कार्यक्रम हैं। रायपुर में निगम अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को लेकर बैठक की जाएगी।

इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts