रायपुर,9 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक होगी। बैठक का आयोजन मंत्रालय महानदी भवन में किया जाएगा। इसमें प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

कैबिनेट बैठक में खास तौर पर बिजली बिल, महतारी वंदन योजना और खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी की तैयारियों को लेकर चर्चा हो सकती है।

बिजली बिल पर हो सकता है अहम फैसला

बैठक में बिजली बिल से जुड़े मुद्दे पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। बिजली बिल को लेकर विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर निशाना साध रहा है। ऐसे में कैबिनेट में इस विषय पर होने वाली चर्चा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महतारी वंदन पोर्टल दोबारा खोलने पर विचार

इसके अलावा महतारी वंदन योजना में नए हितग्राहियों के नाम जोड़ने के लिए पोर्टल दोबारा खोलने पर भी फैसला हो सकता है।

अगर सरकार की ओर से पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाता है, तो योजना का लाभ लेने से वंचित पात्र महिलाओं को आवेदन का अवसर मिल सकता है।

धान खरीदी की तैयारियों पर भी चर्चा

कैबिनेट बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। संबंधित विभागों की ओर से धान खरीदी को लेकर की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी मंत्रिपरिषद के सामने रखी जा सकती है।

इससे पहले छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक 5 अगस्त को आयोजित हुई थी। अब बुधवार को होने वाली बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सरकार की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts