अंबिकापुर, 3 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने इस अभियान की शुरुआत अंबिकापुर से की। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में सरगवां स्थित अटल विहार योजना में वृक्षारोपण और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भावनात्मक एवं जनसरोकार से जुड़ा संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देना सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, यही अभियान की वास्तविक सफलता होगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पूरे प्रदेश में सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरगवां कॉलोनी में बाउंड्रीवाल की लगातार मांग की जा रही थी। गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष की पहल से बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा कर उसका लोकार्पण किया गया है। पिछले वर्ष भी यहां अभियान के तहत पौधरोपण किया गया था और कॉलोनीवासियों के संरक्षण से लगाए गए पौधे अब वृक्ष का रूप ले चुके हैं।
अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी चलेगा अभियान
गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं एवं कॉलोनियों में भी चरणबद्ध तरीके से अभियान संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंबिकापुर से शुरू हुआ यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रत्येक परिवार और समाज को मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करेगा। मंडल का उद्देश्य आवासीय योजनाओं में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देकर कॉलोनियों को स्वच्छ, सुंदर, हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।
9.70 एकड़ में 251 भवनों का निर्माण
कार्यक्रम के दौरान अटल विहार योजना, सरगवां में वृक्षारोपण के साथ बाउंड्रीवाल एवं ओपन जिम का लोकार्पण किया गया। यहां छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा 9.70 एकड़ भूमि पर लगभग 3859.22 लाख रुपये की लागत से कुल 251 भवनों का निर्माण एवं विकास कार्य कराया गया है।
इनमें 14 HIG, 12 Sr. MIG, 40 Jr. MIG, 63 LIG और 122 EWS भवन शामिल हैं। योजना के तहत बाउंड्रीवाल एवं डब्ल्यू.एम.एम. सड़क सहित शेष निर्माण एवं विकास कार्य भी पूर्ण किए गए हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से कॉलोनीवासियों को बेहतर आवासीय वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।
नन्हे बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में कॉलोनी के नन्हे बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के भावनात्मक संदेश को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सरगुजा निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, भारत सिंह सिसोदिया और अखिलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और मंडल के अधिकारियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पौधों के रोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।



