दुर्ग,2 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तीनों महिला टेक्नीशियनों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त को तीनों महिला टेक्नीशियनों ने लैब के अंदर रील बनाई थी। वीडियो में वे अलग-अलग अंदाज में नजर आ रही थीं। एक वीडियो में एक महिला टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती दिखाई दी, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर मस्ती करती नजर आईं। यह वीडियो करीब पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

सिविल सर्जन ने मांगा जवाब

वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।

मामले की जांच और जवाब मिलने के बाद लैब प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा। इसके बाद कंपनी ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया

लैब की जांच व्यवस्था पर भी पड़ताल

विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि जिस समय रील बनाई गई, उस दौरान लैब की जांच व्यवस्था और मरीजों के काम पर कोई असर पड़ा था या नहीं। सिविल सर्जन ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद तत्काल लैब इंचार्ज को नोटिस जारी किया गया था और संबंधित स्टाफ पर कार्रवाई के लिए कंपनी को पत्र भेजा गया था।

अटल आरोग्य लैब पहले भी रही विवादों में

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है। इसका उद्देश्य प्रदेश के लोगों को उन्नत और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।

कुछ समय पहले यह लैब जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवाद में आई थी। जिला अस्पताल में भर्ती एक 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई और दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई।

मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उचित कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts