रायपुर,2 सितम्बर 2026
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज 2 सितंबर 2026 को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
यह रहेगा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे से एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां और उपाधि वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दोपहर 12:30 बजे एयरपोर्ट के लिए होंगे रवाना
दीक्षांत समारोह समाप्त होने के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 12:30 बजे एम्स रायपुर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
समारोह में उपराष्ट्रपति के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, एम्स के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक और एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा राज्यपाल रेमन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी समारोह में शामिल होंगे।
सरोना रिंगरोड से टाटीबंध तक कड़ी सुरक्षा
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सरोना रिंगरोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात एवं आम लोगों की आवाजाही को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।
एम्स में नियमित ओपीडी के मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही के लिए गेट नंबर-1 और गेट नंबर-3 का उपयोग किया जा सकेगा। वहीं ट्रामा और इमरजेंसी के लिए गेट नंबर-2 पहले की तरह खुला रहेगा।
वीआईपी मूवमेंट के चलते गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 को 2 सितंबर की सुबह से आम नागरिकों के लिए बंद रखा जाएगा। प्रशासन ने उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।



