रायपुर,28 अगस्त 2026

नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच छत्तीसगढ़ से जुड़ी तीन महिलाओं के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता, रायपुर की मोनिका यादव और बिलासपुर की मंजू राय चौधरी शामिल हैं। तीनों से संपर्क टूटने के बाद उनके परिजन चिंतित हैं।

अंबिकापुर के भाजपा नेता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता लापता

अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई बाढ़ की चपेट में आने के बाद लापता बताई जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, डॉ. मीना ने 23 अगस्त को कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी की थी। इसके बाद 25 अगस्त को करीब 80 लोगों के दल के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित आव्रजन कार्यालय में औपचारिकता पूरी करने पहुंची थीं।

इसी दौरान अचानक आई बाढ़ में तीन मंजिला इमारत धराशायी हो गई। इसके बाद से डॉ. मीना समेत उनके दल के करीब 80 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।

करता राम गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी वर्तमान में इंग्लैंड के टोरकी में चर्म रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। वह 14 अगस्त को दिल्ली पहुंची थीं और एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 लोगों के दल में काठमांडू गई थीं।

डॉ. मीना ने अपने पिता को भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने यात्रा पर जाने से इनकार कर दिया था। रक्षाबंधन के अवसर पर बेटी से दिल्ली में मिलने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही नेपाल में यह त्रासदी हो गई।

अंबिकापुर में हुई है डॉ. मीना की शुरुआती पढ़ाई

डॉ. मीना गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल में हुई है। चिकित्सक बनने के बाद से वह इंग्लैंड में रह रही हैं। इस त्रासदी के बाद उनके परिवार और परिचितों में चिंता का माहौल है।

रायपुर की मोनिका यादव से भी संपर्क टूटा

नेपाल की बाढ़ त्रासदी के बीच रायपुर की मोनिका यादव भी लापता बताई जा रही हैं। मोनिका महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर क्षेत्र की रहने वाली हैं। जानकारी के अनुसार, वह 22 अगस्त से नेपाल प्रवास पर थीं।

नेपाल में बाढ़ की स्थिति बिगड़ने के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया। इसके बाद परिजनों ने उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी भी लापता

वहीं, बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी भी नेपाल में लापता हैं। मंजू तीर्थयात्रा कराने वाली संस्था के माध्यम से परिचितों के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं।

परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पाने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मदद की गुहार लगाई है।

सरकार ने लोगों से जानकारी साझा करने की अपील की

नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की स्थिति को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार लगातार जानकारी जुटाने और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। सरकार ने अपील की है कि नेपाल गए या वहां रह रहे प्रदेश के किसी नागरिक के संबंध में यदि किसी व्यक्ति के पास जानकारी हो, तो वह तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराए।

राज्य सरकार ने प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों या उनके परिजनों को किसी भी तरह की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:

  • टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
  • कंट्रोल रूम: 0771-2223471

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts