एंटरटेनमेंट डेस्क,24 अगस्त 2026
मुंबई। टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। शो की शुरुआत 6 सितंबर 2026 से होने की चर्चा है। नए कलेवर और कई नए ट्विस्ट के साथ आने वाले इस सीजन के संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।
हालांकि, चैनल और मेकर्स की ओर से कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर कई चर्चित नाम सामने आए हैं।
गीता बसरा के नाम की चर्चा
बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा के बिग बॉस 20 में हिस्सा लेने की चर्चा है। कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें संभावित कंटेस्टेंट बताया जा रहा है। फिल्मों से लंबे समय तक दूरी के बाद उनके मनोरंजन जगत में वापसी को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं।
रजत बेदी की हो सकती है एंट्री
अभिनेता रजत बेदी का नाम भी बिग बॉस 20 के संभावित प्रतिभागियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। अभिनय से लंबे समय तक दूरी बनाने के बाद हाल के दिनों में उनकी वापसी और बढ़ती लोकप्रियता के बीच उनके रियलिटी शो में नजर आने की अटकलों ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
अंजलि अरोड़ा और शोविक चक्रवर्ती भी चर्चा में
‘लॉक अप’ फेम अंजलि अरोड़ा के नाम की भी बिग बॉस 20 के लिए चर्चा तेज है। वहीं अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक चक्रवर्ती के भी इस सीजन का हिस्सा बनने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
अगर ये नाम शो में शामिल होते हैं, तो दर्शकों को इस सीजन में कई चर्चित चेहरों और अलग-अलग पृष्ठभूमि वाले कंटेस्टेंट्स देखने को मिल सकते हैं।
इन सेलेब्स के नाम भी सामने आए
इसके अलावा नीति टेलर, कुशल तंवर, एल्नाज नोरोजी, सनाया ईरानी, मोहित सहगल, जिया मानेक, माही विज और प्रणाली राठौड़ के नाम को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चाएं हैं। कुछ रिपोर्ट्स में शुभांगी अत्रे, करण पटेल, शगुन शर्मा और मौनी रॉय के नाम भी संभावित प्रतिभागियों के तौर पर सामने आए हैं।
गौरतलब है कि शो के प्रोमो में अभी तक कंटेस्टेंट्स के चेहरे और नामों का स्पष्ट खुलासा नहीं किया गया है। ऐसे में दर्शकों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। फिलहाल सामने आए सभी नामों को अटकलों और रिपोर्ट्स के तौर पर ही देखा जा रहा है, क्योंकि अंतिम सूची की पुष्टि मेकर्स की ओर से होना बाकी है।



