रायपुर,24 अगस्त 2026
ई-रिक्शा में महिला अधिकारी की सोने की चेन चोरी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चेन चोरी की एक वारदात सामने आई है। जेल रोड से पेंशनबाड़ा के बीच ई-रिक्शा में सफर कर रही एक महिला अधिकारी के गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई। घटना के करीब तीन दिन बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की पहचान जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी निवासी मंजूलता साहू के रूप में हुई है। वह राज्य परिवहन कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं।
बारिश के कारण ई-रिक्शा में बैठी थीं महिला अधिकारी
जानकारी के अनुसार, घटना 18 अगस्त की सुबह करीब 10:15 बजे की है। मंजूलता साहू दोपहिया वाहन से पेंशनबाड़ा स्थित बोर्ड ऑफिस जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में तेज बारिश होने के कारण उन्होंने ई-रिक्शा में सफर करने का फैसला किया।
बताया गया कि ई-रिक्शा खालसा स्कूल होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा, जहां उसमें करीब छह महिलाएं सवार हुईं। जगह कम होने के कारण ई-रिक्शा में यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
उतरने के बाद गले से गायब मिली सोने की चेन
पीड़िता के अनुसार, वह पेंशनबाड़ा स्थित हमर क्लिनिक के पास ई-रिक्शा से उतरीं। इसके बाद जब उनका ध्यान अपने गले की ओर गया तो सोने की चेन गायब मिली।
महिला अधिकारी ने घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और ई-रिक्शा चालक की तलाश
पुलिस अब घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा के रूट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा सकती है।
इसके साथ ही पुलिस ई-रिक्शा चालक और घटना के दौरान उसमें सवार महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।



