जगदलपुर/कोंडागांव,23 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-कोंडागांव सीमा क्षेत्र में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी

हादसे में मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवान घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मंत्री की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। समय पर राहत और उपचार मिलने से बड़ी जनहानि टल गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts