रायपुर, 15 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में शालेय विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।
विद्यार्थियों के बीच आयोजित सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धा में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र सरगुजा संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र दुर्ग संभाग को द्वितीय तथा मध्य क्षेत्र रायपुर संभाग को तृतीय स्थान मिला। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
सरगुजा संभाग की देशभक्ति प्रस्तुति प्रथम
सरगुजा संभाग के 286 छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम, जय हिंद हम सबका अभिमान… जैसे रिमिक्स गीत पर शानदार देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति दी। नृत्य और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने वंदे मातरम के 150 वर्षों की तपस्या और मातृभूमि के प्रति अनंत प्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रस्तुति में युवा शक्ति से लैस होकर नई ऊंचाइयों को छूते भारत की तस्वीर भी आकर्षक अंदाज में दिखाई गई। विद्यार्थियों के सामूहिक नृत्य, ऊर्जा और भावपूर्ण प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति का माहौल और भी जीवंत कर दिया।
दुर्ग संभाग ने प्रस्तुत किया विकसित भारत का भाव
दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने सजता, संवरता, निखरता ये देश… गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति में देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और विभिन्न अवसरों पर होने वाले नृत्यों की सुंदर झलक पेश की।
बच्चों ने अपने भावों को कदमों की लय, ऊर्जा और भाव-भंगिमाओं में पिरोते हुए राष्ट्रप्रेम की अटूट भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
रायपुर संभाग ने जीवंत की सैनिकों के शौर्य की गाथा
रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े… फ्यूजन गीत पर मनोरम प्रस्तुति दी। नृत्य एवं गीत के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को मंच पर जीवंत कर दिया।
विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने राष्ट्रभक्ति, संस्कृति, वीरता और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।



