जगदलपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने बस्तर जिले में 15 अगस्त को शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें, होटल बार, सैनिक कैंटीन तथा मद्य भंडारण भंडार पूर्णतः बंद रहेंगे।
आदेश के तहत देशी मदिरा सी.एस.-2 (कम्पोजिट), विदेशी मदिरा एफ.एल.-1, एफ.एल.-1 कम्पोजिट, एफ.एल.-3 होटल बार, एफ.एल.-6 सैनिक कैंटीन थोक विक्रय अनुज्ञप्ति, एफ.एल.-7 सैनिक कैंटीन सहित मद्य भंडारण भंडार जगदलपुर को 14 अगस्त की निर्धारित बिक्री अवधि समाप्त होने के बाद बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद 15 अगस्त को पूरे दिन इन प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की मदिरा की बिक्री या संव्यवहार नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने आबकारी विभाग के अधिकारियों और उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के दौरान अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन और भंडारण पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने के लिए शुष्क दिवस के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




