जगदलपुर, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रदेश के प्रतिष्ठित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं के प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की काउंसलिंग 16 अगस्त से शुरू होने जा रही है। आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह काउंसलिंग 16 से 20 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। पात्र विद्यार्थियों की सूची विभागीय पोर्टल पर जारी कर दी गई है तथा अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर आवंटित संबंधित प्रयास विद्यालय में उपस्थित होना होगा।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि चयनित छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथि पर सभी मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक अंक) की अंकसूची, अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा आवश्यकतानुसार विशेष पिछड़ी जनजाति का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

इसके अलावा नक्सल पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर नोटरीकृत शपथ पत्र अनिवार्य किया गया है। दिव्यांग, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता माता की संतान तथा देश सेवा के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक और सशस्त्र बलों के जवानों के बच्चों को संबंधित श्रेणी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग के बाद प्रवेश की अंतिम पात्रता मिलने पर विद्यार्थियों को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच रिपोर्ट जमा करनी होगी। निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज जमा नहीं करने पर प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्र विद्यार्थियों की सूची और अन्य दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। विभाग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से समय पर काउंसलिंग में शामिल होकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts