रायपुर, 13 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज शाम उनके निवास कार्यालय में सरगुजा जिले के ग्रामीण अंचलों से शैक्षणिक भ्रमण पर आए मेधावी छात्र-छात्राओं ने सौजन्य मुलाकात की। अंबिकापुर क्षेत्र के सात शासकीय विद्यालयों से आए करीब 50 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया और उनके अनुभव, रुचियों तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से जीवन में कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक सीमित नहीं है। आज युवाओं के लिए शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान, खेल, तकनीक, प्रशासन और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मौजूद हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रुचि पहचानकर सही लक्ष्य चुनने तथा पूरी प्रतिबद्धता के साथ उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार हुआ है और प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हुए हैं। इन संस्थानों के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आयोजित शैक्षणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से परिचय बच्चों के भीतर नई जिज्ञासा पैदा करता है और उनके सपनों को नया विस्तार देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन पूरे जीवन की नींव होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और समय के सदुपयोग के साथ अपने लक्ष्य को पहचानने, ज्ञान अर्जित करने और व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देने का आह्वान किया।

शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला एवं करजी तथा शासकीय सेजेस केशवपुर के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित विभिन्न प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने इन संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts