मां दंतेश्वरी मंदिर से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, स्कूली बच्चों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक उमड़ा उत्साह

जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस से पहले जगदलपुर मंगलवार को देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और जुबां पर ‘वंदे मातरम’ के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और नागरिक यात्रा में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से हुई। यहां से यात्रा एसबीआई चौक, चांदनी चौक, हनुमान चौक और संजय मार्केट से गुजरते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।

यात्रा में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचन्द्र भंजदेव, एमआईसी सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष उत्साह दिया।

पूरी यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा। हाथों में लहराते तिरंगों के साथ विद्यार्थियों और नागरिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। यात्रा का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिले के लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया है। अभियान का उद्देश्य तिरंगे के प्रति लोगों के व्यक्तिगत जुड़ाव को मजबूत करने के साथ देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देना है।

इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की भावना को समर्पित किया गया है। प्रदेश में 7 से 15 अगस्त तक अभियान के तहत अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जगदलपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर में राष्ट्रप्रेम और उत्सव का माहौल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts