रायपुर, 11 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के युवाओं के हित में संवेदनशील निर्णय लेते हुए सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 की तिथियों में बदलाव के निर्देश दिए हैं। अब यह परीक्षा 2, 3 एवं 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
दरअसल, शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियां आपस में टकरा रही थीं। इससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की स्थिति बन रही थी। अभ्यर्थियों की इस परेशानी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान में लिया और अधिकारियों को परीक्षा तिथियों में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए।
पहले 24 से 26 अक्टूबर को होनी थी परीक्षा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं।
इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी निर्धारित थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक होने के कारण अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी।
अब नवंबर में होगी पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने परीक्षा की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई भी पात्र युवा अवसर से वंचित न हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। आवेदन और परीक्षा से संबंधित विस्तृत सूचना आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।
मुख्यमंत्री साय ने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



