गरियाबंद,9 अगस्त 2026

जिले के मरौदा गांव स्थित भूतेश्वरनाथ धाम से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस रविवार को हादसे का शिकार हो गई। घटना भकुर्रा मार्ग के पास स्थित पुल पर हुई, जहां सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान बस सड़क से नीचे उतर गई। इस दौरान सड़क किनारे चल रहा एक राहगीर बस की चपेट में आकर घायल हो गया।

पुल के किनारे धंसा बस का पहिया

जानकारी के अनुसार, बस रायपुर से श्रद्धालुओं को लेकर भूतेश्वरनाथ धाम गई थी। वापसी के दौरान पुल के पास सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के प्रयास में बस का अगला पहिया पुल के किनारे धंस गया। हादसे में बस के सामने का कांच भी टूट गया।

हादसे के समय बस में 54 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं बस की चपेट में आने से घायल हुए राहगीर को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

घटना के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गई। हालांकि करीब एक घंटे बाद भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका।

सावन के दूसरे सोमवार से पहले बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन माह के दूसरे सोमवार के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु भूतेश्वरनाथ धाम पहुंच रहे हैं। हादसे और जाम के कारण धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में फंसी कई महिलाएं सड़क किनारे बैठी नजर आईं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम बस को सुरक्षित निकालने और यातायात बहाल करने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts