रायपुर,8 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में सुशासन और पुनर्वास की नई तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब सुकमा जिले के चिंतलनार की पुनर्वासित बेटियों ने राजधानी रायपुर में आयोजित एक बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फैशन शो में इन बेटियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हथकरघा परिधानों में रैंप वॉक कर लोगों का दिल जीत लिया।
यह अवसर इसलिए भी खास रहा क्योंकि ग्रामोद्योग विभाग की पहल पर पहली बार सुकमा के चिंतलनार की पुनर्वासित बेटियों को राजधानी के प्रतिष्ठित मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। बेटियों ने मिस इंडिया ईस्ट सुश्री अनुष्का सोन के साथ पारंपरिक हथकरघा परिधानों में रैंप वॉक किया।
आत्मविश्वास और बदलाव की बनी मिसाल
फैशन शो में शामिल बेटियों ने हिंसा से विकास, भय से विश्वास और भटके हुए जीवन से सम्मानजनक भविष्य की ओर बढ़ते नए छत्तीसगढ़ की सशक्त तस्वीर पेश की। उनके आत्मविश्वास और मंच पर सहज प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर श्रीमती पुनेम देवे, श्रीमती माड़वी देवे, श्रीमती माड़वी माल्ले, श्रीमती मिडियम गांगी, कुमारी माड़वी नान्दनी, कुमारी डोंडी रामे, कुमारी माड़काम भीमे, कुमारी पोड़ियाम राजे, कुमारी पुनेम ज्योति और कुमारी हिड़मे मारकाम ने रैंप वॉक में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने बढ़ाया हौसला
ग्रामोद्योग विभाग की इस अभिनव पहल की मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सराहना की। दोनों ने पुनर्वासित बेटियों के प्रयास और आत्मविश्वास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंच पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया।
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की मौजूदगी में बेटियों के चेहरे पर दिखा आत्मविश्वास इस बात का प्रतीक रहा कि सही अवसर, मार्गदर्शन और सम्मान मिलने पर बदलाव की राह पर आगे बढ़ रहे लोग नई पहचान कायम कर सकते हैं।
हथकरघा के जरिए संस्कृति और सशक्तिकरण का संदेश
कार्यक्रम में पारंपरिक हथकरघा परिधानों को मंच प्रदान कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध बुनकर परंपरा और स्थानीय संस्कृति को भी प्रदर्शित किया गया। पुनर्वासित बेटियों की भागीदारी ने इस आयोजन को केवल फैशन शो तक सीमित न रखकर महिला सशक्तिकरण, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बना दिया।



