बलरामपुर-रामानुजगंज,5 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं को आमजन तक सरल और पारदर्शी ढंग से पहुंचाने की पहल लगातार मजबूत हो रही है। इसी क्रम में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वीएलई (Village Level Entrepreneur) निर्दोष लकड़ा ने वर्ष 2025-26 में 13,912 आवेदनों का सफल निराकरण कर प्रदेश के टॉप ट्रांजैक्शन वीएलई बनने का गौरव हासिल किया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया सम्मानित

रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने निर्दोष लकड़ा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सेवाएं पहुंचाने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया।

ग्रामीणों को घर के पास मिल रही शासकीय सेवाएं

जिले में सेवा सेतु पोर्टल के प्रभावी संचालन से अब ग्रामीणों को आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित कई शासकीय सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। अधिकांश सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर, पारदर्शी और निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध हो रही हैं।

तकनीक और जनसेवा का बना सफल मॉडल

निर्दोष लकड़ा ने तकनीक के प्रभावी उपयोग, कार्य के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ हजारों ग्रामीण परिवारों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की है। उनका सेवा केंद्र अब ग्रामीणों के लिए केवल सुविधा केंद्र नहीं, बल्कि भरोसेमंद समाधान का माध्यम बन गया है।

डिजिटल सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि

सम्मान प्राप्त करने के बाद निर्दोष लकड़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से प्रत्येक नागरिक का जीवन आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि जब लोगों का समय और संसाधन बचते हैं तथा उन्हें बिना परेशानी के सेवाएं मिलती हैं, तभी डिजिटल भारत और सुशासन का उद्देश्य साकार होता है। बलरामपुर में सेवा सेतु पोर्टल का प्रभावी क्रियान्वयन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की डिजिटल सेवा विस्तार की सोच का सफल उदाहरण बनकर उभरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts