सुकमा,4 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के बोधराज पाड़र के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया गया। कार्रवाई में एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 49 जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई। 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराज पाड़र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। टीम को क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों और हथियार छिपाए जाने की सूचना मिली थी।

संयुक्त टीम ने इलाके की गहन तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया। सुरक्षा बलों ने मौके से हथियार और गोला-बारूद जब्त कर सुरक्षित कब्जे में ले लिया। बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है और क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।

बरामद सामग्री:

  • .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल1 नग
  • 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस
  • 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस
  • एक एल्यूमिनियम कंटेनर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से नक्सल विरोधी अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts