जगदलपुर, 21 सितंबर 2026। बस्तर के जगदलपुर में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नया बस स्टैंड के पास शराब दुकान के करीब बैठने की जगह को लेकर दो गुटों के युवकों में विवाद हुआ। कहासुनी के बाद एक युवक ने 27 वर्षीय मोनू पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने के बाद मोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
खाली जगह पर बैठने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास एक वेल्डिंग दुकान है। दुकान के सामने खाली जगह पर बैठने को लेकर युवकों के दो गुटों में विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने मोनू के सीने पर चाकू से वार कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
चाकू का वार सीने में हार्ट के करीब लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक विवाद बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ था। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।



