पंचवटी इलाके में युवती पर चाकू से हमला करने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पूछताछ में मुख्य आरोपी शक्ति कुमार ने बताया कि हाल ही में उसका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में था। इसी दौरान उसने सड़क पर एक युवती को मोबाइल पर बात करते देखा और अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना में घायल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


