ईटानगर, 25 जून 2026।
अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। कीयी पन्योर जिले के पूसा क्षेत्र में स्थित एनईईपीसीओ (NEEPCO) कॉलोनी के पास आई तेज फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षिका की पहचान निर्मला गुप्ता के रूप में हुई है। वहीं एलेश मराक, बलारी मराक, ताओ अंजिना और सौरव कुमार का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। गुरुवार सुबह से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें दोबारा सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन खराब मौसम और लगातार बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है।

बाढ़ के तेज बहाव ने इलाके में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। 18 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और एक महत्वपूर्ण हाईवे पुल बह जाने से कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। जगह-जगह हुए भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। इस हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं, जबकि कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

घटना के बाद मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं पड़ोसी राज्य असम में भी प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि लगातार बारिश के चलते वहां भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts