नारायणपुर, 26 जून 2026। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग सर्च अभियानों में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए गए। वहीं थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर दोनों क्षेत्रों में संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। लगातार चल रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए गए संसाधनों को सफलतापूर्वक रिकवर किया।
टेकला जंगल से क्या-क्या बरामद हुआ
सुरक्षा बलों ने टेकला जंगल-पहाड़ी से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। बरामद सामग्री में शामिल हैं—
1 इंसास रायफल
2 एसएलआर रायफल
2 .303 रायफल
2 (30-OC) बंदूक
1 बीजीएल लॉन्चर
1 सिंगल शॉट बंदूक
इंसास, एसएलआर और .303 की मैगजीन
विभिन्न हथियारों के कुल 263 से अधिक जिंदा कारतूस
3 डेटोनेटर
2 बायोफेंग स्कैनर (वायरलेस संचार उपकरण)
तोयामेटा जंगल से ₹24 लाख नकद बरामद
एक अन्य कार्रवाई में थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में 25 जून 2026 को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए ₹24,00,000 (चौबीस लाख रुपये) नकद बरामद किए। पुलिस का कहना है कि यह राशि नक्सली संगठन के आर्थिक संसाधनों का हिस्सा हो सकती है।
अभियान लगातार रहेगा जारी
नारायणपुर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य संसाधनों की तलाश के लिए सर्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बल जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान चला रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts